मोगा में भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिलों पर सवार होकर दिया देशभक्ति का संदेश

मोगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से 14 अगस्त को मोगा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिलाध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल की अगुवाई में निकली इस यात्रा में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। पूरे शहर में भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ दुन्नेके स्थित भाजपा जिला कार्यालय से हुआ। इसके बाद यात्रा जोगिंदर सिंह चौक, कोर्ट रोड, मेन बाजार, देव होटल, आर्य स्कूल रोड, 9 न्यू टाउन, प्रताप रोड और चेंबर रोड से होते हुए भारत माता मंदिर पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया।

मोटरसाइकिलों पर सवार कार्यकर्ता हाथों में तिरंगे लेकर शहर की सड़कों से गुजरे। यात्रा के दौरान देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया। कार्यकर्ताओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।

इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए प्रत्येक नागरिक को देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपना योगदान देना चाहिए।

भाजपा की ओर से कहा गया कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करना नहीं, बल्कि युवाओं और आम नागरिकों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना भी है। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित में एकजुट रहने और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया।