भाजपा महिला मोर्चा की बैठक में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की योजनाओं पर हुई चर्चा

मोगा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक पार्टी के दुननेके स्थित जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. राजिंदर कौर मौजूद रहीं।
बैठक के दौरान महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। इस मौके पर रूरल सेल्फ एंप्लॉयमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (आरएसईटीआई) के अधिकारियों ने महिलाओं को संस्थान की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, स्वरोजगार से संबंधित कार्यक्रमों और ट्रेनिंग कैंपों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार कोई हुनर सीखकर उसे स्वरोजगार का माध्यम बना सकती हैं। इससे वे अपना छोटा कारोबार शुरू करने के साथ-साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं के लिए चलाए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य उन्हें केवल प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए आवश्यक कौशल और अवसर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने महिलाओं से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेने की अपील की।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि आज के समय में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता परिवार और समाज की प्रगति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यदि महिलाओं को सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर मिलें तो वे अपने हुनर के माध्यम से रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकती हैं।
इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की ओर से भी महिलाओं तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार प्रशिक्षण से जोड़ने पर चर्चा की गई। बैठक का उद्देश्य महिलाओं को सरकारी एवं संस्थागत स्तर पर उपलब्ध अवसरों से अवगत करवाकर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।


